मिर्जापुर में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल, हवाई हमले से निपटने की तैयारियों का हुआ अभ्यास

मिर्जापुर में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल, हवाई हमले से निपटने की तैयारियों का हुआ अभ्यास

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में कई विभागों की संयुक्त टीम ने लिया हिस्सा

मिर्जापुर। नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) विभाग के तत्वावधान में रविवार को मिर्जापुर में हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न आपदा प्रबंधन एजेंसियों की तैयारियों को परखा गया। साथ ही नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता, सुरक्षा और राहत-बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार, राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का अभ्यास किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि संकट की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य, सतर्कता और सूझबूझ के साथ काम करना आवश्यक है।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों एवं संबंधित विभागों की कार्यक्षमता का आकलन करना, आपसी तालमेल को मजबूत बनाना और आम नागरिकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में सिविल डिफेंस, जिला प्रशासन, सिविल पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा मित्र, स्काउट, एनसीसी, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, सिविल डिफेंस के अपर चीफ वार्डन शैलेन्द्र , आपदा अधिकारी अंकुर गुप्ता, एसपी सिटी योगेंद्र सिंह, ज्ञान चंद गुप्ता, पूजा केशरी, अविनाश श्रीवास्तव, राहुल बरनवाल, निखिल गुप्ता, मुरली उपाध्याय, हामिद अली, गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें प्रशिक्षित स्वयंसेवकों और जागरूक नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा और प्रभावी बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें