IAS दिव्या मित्तल ने अगले कदम को लेकर बढ़ाई उत्सुकता, 29 सितंबर को करेंगी खुलासा

IAS दिव्या मित्तल ने अगले कदम को लेकर बढ़ाई उत्सुकता, 29 सितंबर को करेंगी खुलासा

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म, तबादले से लेकर राजनीति तक लगाए जा रहे कयास

मीरजापुर। भविष्य के सफर को लेकर लगातार चर्चा में चल रहीं आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके अगले कदम को लेकर फिर से उत्सुकता बढ़ा दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपने अगले कदम की जानकारी देने का संकेत दिया है। पोस्ट के मुताबिक, वह 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे इस संबंध में जानकारी साझा करेंगी।

दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट में लिखा है— “आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा:” इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तरह की संभावनाओं का जिक्र किया। इनमें “बच्चे छोटे हैं। अब घर!”, “अच्छा पैकेज मिलेगा। वापस विदेश!”, “IAS पर किताब लिखी है। कोचिंग!” और “टिकट पक्का ही गया होगा। राजनीति!” जैसी बातें शामिल हैं। अंत में उन्होंने लिखा है कि 29 सितंबर, सुबह 8:30 बजे बताएंगी।

उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पोस्ट को बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और साझा किया है तथा इसके नीचे लोगों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, आईएएस अधिकारी ने अपने अगले कदम को लेकर अभी कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।

दिव्या मित्तल की पोस्ट में विदेश लौटने, कोचिंग शुरू करने, किताब लिखने से लेकर राजनीति में आने तक की संभावनाओं का जिक्र होने के कारण लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है। हालांकि, इनमें से कौन-सा कदम वह वास्तव में उठाने जा रही हैं, इसका खुलासा 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे होने की बात उन्होंने स्वयं कही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट को लेकर उनके समर्थकों और परिचितों के साथ ही आम लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है। अब सभी की निगाहें 29 सितंबर की सुबह होने वाले उनके अगले ऐलान पर टिकी हैं। फिलहाल उनकी पोस्ट ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आईएएस दिव्या मित्तल अपने प्रशासनिक सफर को आगे बढ़ाएंगी या कोई नई राह चुनेंगी? इसका जवाब उनके आगामी ऐलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें