बेला जंगल में व्यापारी से दो लाख की लूट, बदमाशों ने मैजिक के पहिए में मारी गोली

बेला जंगल में व्यापारी से दो लाख की लूट, बदमाशों ने मैजिक के पहिए में मारी गोली

मीरजापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के बेला मंदिर के आगे जंगल में गुरुवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने कॉस्मेटिक सामान लेकर लौट रहे व्यापारिक वाहन को निशाना बनाते हुए उसके अगले पहिए में गोली मार दी। इसके बाद वाहन का शीशा तोड़कर बैग में रखे दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार चालक सुनील यादव अपने साथी सेल्समैन राजकुमार प्रजापति के साथ व्यापारी सचिन कटारे के मिलन ट्रेड शोरूम से कॉस्मेटिक का सामान लेकर वाहन संख्या यूपी 63 बीटी 1722 मैजिक से विभिन्न स्थानों पर आपूर्ति करने के बाद वापस लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे बेला मंदिर के आगे जंगल में पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने वाहन के अगले पहिए में गोली मार दी। वाहन रुकने पर बदमाशों ने शीशा तोड़कर बैग में रखे दो लाख रुपये लूट लिए और मीरजापुर की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मड़िहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम सहित क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने शीघ्र घटना के अनावरण का दावा करते हुए बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें