
25 हजार का इनामी नशा तस्कर गिरफ्तार
मड़िहान पुलिस ने दो एनडीपीएस मुकदमों में वांछित आरोपी को दबोचा, उड़ीसा में बना रखा था ठिकाना
मीरजापुर। मादक पदार्थों की तस्करी में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मड़िहान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मड़िहान थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर इनामी एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उप निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय की टीम को सफलता मिली। पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना और साक्ष्यों के आधार पर टीम ने रजत सिंह उर्फ भोदू पुत्र सुभाष सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से रंजीतपुर, थाना जंगीपुर जखनिया, जनपद गाजीपुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह ग्राम श्रीनिवास नगर, थाना चांदिली, जिला रायगढ़, उड़ीसा में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 31 वर्ष बताई गई है।
दो एनडीपीएस मुकदमों में था वांछित
रजत सिंह उर्फ भोदू के खिलाफ मड़िहान थाने में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026 तथा 228/2026 दर्ज हैं। दोनों मामलों में धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
उप निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय मय पुलिस टीम, थाना मड़िहान, जनपद मीरजापुर।















