
मीरजापुर: राजगढ़ पुलिस द्वारा चोरी का खुलासा, 4 शातिर चोर गिरफ्तार, स्टेबलाइजर व स्टार्टर बरामद
मीरजापुर। थाना राजगढ़ पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए स्टेबलाइजर और स्टार्टर बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को धनावल निवासी राकेश कुमार सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ स्टेबलाइजर और स्टार्टर चोरी होने की तहरीर थाना राजगढ़ में दी थी। इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में राजगढ़ पुलिस ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार (निवासी मरसड़ा, थाना घोरावल, सोनभद्र), चन्द्रभान, शिवा और कैलाश (तीनों निवासी पथरखुरा, थाना राजगढ़, मीरजापुर) शामिल हैं। इनके कब्जे से चोरी का स्टेबलाइजर और स्टार्टर बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 120/2026 में धारा 305, 317(2) एवं 317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह एवं उपनिरीक्षक सुरेश सिंह यादव ने पुलिस टीम के साथ की।















