
चुनार पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 9 चोरी की बाइक, 11 मोबाइल और तमंचा बरामद, 5 गिरफ्तार
मिर्जापुर। चुनार पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिलें, 11 मोबाइल फोन तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा एवं क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव के नेतृत्व में चुनार पुलिस ने पूर्व में दर्ज दो वाहन चोरी के मामलों का खुलासा किया। पुलिस ने दीक्षितपुर स्थित “बेवकूफ चाय की दुकान” के पास से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पड़री थाना क्षेत्र निवासी विशाल बिंद, चंदौली के अलीनगर निवासी विकास बिंद, अदलहाट निवासी चन्द्रमा उर्फ बाबू, अहरौरा निवासी गुलशन कुमार तथा लोकनाथ उर्फ लोकू के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो विभिन्न स्थानों से मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें छिपा दिया जाता था और बाद में बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लिए जाते थे। इसी धन से सभी अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें, 11 मोबाइल फोन, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। जांच में मुख्य आरोपित विशाल बिंद समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, वाराणसी और भदोही सहित कई जिलों में वाहन चोरी एवं अन्य अपराधों के दर्जनों मुकदमे पहले से दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपितों को न्यायालय भेज दिया है।












