
मिर्जापुर में 20 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो कारों समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर। अहरौरा पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहनों को सीज करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वनस्थली महाविद्यालय के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक टाटा सफारी और एक स्कोडा कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 488 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के गढ़वा निवासी सूर्य प्रताप शुक्ला, सत्यम कुमार तथा मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र निवासी अनिल यादव के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे मिर्जापुर से अंग्रेजी शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचते थे। इस काम में अनिल यादव, जो जिगना स्थित एक कंपोजिट वाइन शॉप पर सेल्समैन है, उनकी मदद करता था। तस्करी के दौरान पुलिस से बचने के लिए वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगाई जाती थी।
पुलिस ने दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। आरोपितों के खिलाफ अहरौरा थाने में आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।













