
महिला मेट बहनों ने विधायक रत्नाकर मिश्र को सौंपा ज्ञापन, रोजगार और मानदेय तय करने की मांग
मिर्जापुर। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को महिला मेट बहनों ने विधायक रत्नाकर मिश्र से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महिला मेट बहनों ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराते हुए समाधान की मांग की।

महिला मेट बहनों का कहना है कि उन्हें वर्ष भर यानी 365 दिन रोजगार दिया जाए या फिर रोजगार सेवकों की तरह उनका भी मानदेय निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही मनरेगा कार्यों में मेट के लिए लगाए गए 20 श्रमिकों के प्रतिबंध को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।
उन्होंने यह भी कहा कि गांवों में जब भी मनरेगा के कार्य शुरू हों, तो सबसे पहले सरकार द्वारा चयनित मेट बहनों को ही कार्य करने का अवसर दिया जाए। साथ ही कुछ ग्राम प्रधानों द्वारा अपनी ओर से रखे गए मेटों को हटाकर सरकार द्वारा चयनित मेट बहनों को ही कार्य पर रखने की मांग की गई।
इस दौरान 96 ब्लॉक व सिटी ब्लॉक क्षेत्र की कई महिला मेट बहनें मौजूद रहीं, जिन्होंने अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर विधायक को ज्ञापन सौंपा।















