विद्युत जांच के नाम पर उपभोक्ताओं को न किया जाए अनावश्यक परेशान : अंगद कुमार सिंह

मीरजापुर, 16 मार्च। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति ने जनपद भ्रमण के दौरान सोमवार को जिला पंचायत सभागार में मीरजापुर और भदोही जनपद के विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति अंगद कुमार सिंह ने की।

बैठक में समिति के सदस्य श्याम नरायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, रविशंकर सिंह (पप्पू भैय्या), के.पी. श्रीवास्तव और सत्यपाल सिंह सहित समीक्षा अधिकारी प्रवीण पुनिया, सतीश यादव, प्रतिवेदक सुधीर कुमार व निजी सचिव पुरोहित केसरी उपस्थित रहे। इस दौरान जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक तथा मुख्य विकास अधिकारी मीरजापुर विशाल कुमार ने देवी चित्र, अंगवस्त्रम और पुष्पगुच्छ भेंट कर समिति के सभापति व सदस्यों का स्वागत किया।

बैठक में समिति के सभापति और सदस्यों ने दोनों जनपदों के विद्युत विभाग के अधिकारियों से जनपद मुख्यालय, तहसील मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में लक्ष्य के सापेक्ष औसत विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों की मरम्मत व समय पर स्थापना, उपभोक्ताओं के लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता, उनके रखरखाव, मीटर रीडरों के कार्य क्षेत्र व मानदेय भुगतान, ट्रांसफार्मरों पर लगाए गए मीटरों से प्राप्त राजस्व, पोलों पर फैली केबलों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय, विद्युत चोरी रोकने के लिए की जा रही कार्रवाई, पिछले एक वर्ष में दर्ज मुकदमों की प्रगति, सरकारी व अर्द्धसरकारी कार्यालयों में विद्युत बिलों की बकाया वसूली, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लाइन लॉस का प्रतिशत तथा उसे कम करने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली।

इसके अलावा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बिजली बिलों की वसूली, वाणिज्यिक व औद्योगिक इकाइयों को कनेक्शन देने की स्थिति, स्थानीय स्तर पर प्राप्त विद्युत शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था और प्रगति की भी समीक्षा की गई। समिति ने दोनों जनपदों के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायत भवनों, सार्वजनिक शौचालयों, सहकारी समितियों तथा सरकारी और गैर सरकारी नलकूपों में विद्युत कनेक्शन की स्थिति और नगर पालिका द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली।

सभापति अंगद कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत समस्याओं से संबंधित उपभोक्ताओं की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समय से किया जाए। 1912 टोल फ्री नंबर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत जांच के नाम पर किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशान न किया जाए।

उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका और कृषि कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें, इसके लिए समय पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर उन्हें अवगत कराया जाए। ट्रांसफार्मरों की मरम्मत और उन्हें निर्धारित समय सीमा में पुनः स्थापित करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।

उन्होंने विजिलेंस टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में लाइन लॉस अधिक है या जहां विद्युत चोरी की शिकायतें अधिक मिलती हैं, वहां पारदर्शिता के साथ छापेमारी की कार्रवाई की जाए, लेकिन इस दौरान किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

सभापति ने यह भी निर्देश दिया कि जनपद के सभी बेसिक, माध्यमिक और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित ग्राम स्तर के सरकारी भवनों में शत-प्रतिशत विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए तथा प्राथमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को तत्काल हटाया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भदोही बाल गोविंद शुक्ल, अधीक्षण अभियंता मीरजापुर व भदोही सहित दोनों जनपदों के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें