मिर्जापुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या दिए निर्देश पूरी खबर

मीरजापुर को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर, विंध्याचल मेले की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री की सख्त समीक्षा

मीरजापुर में आयोजित समीक्षा बैठक में Yogi Adityanath ने विंध्याचल मेला सहित पूरे जनपद की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि मेला क्षेत्र के साथ-साथ पूरा मीरजापुर प्लास्टिक मुक्त होना चाहिए और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में नगर पालिका और पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया कि मेला क्षेत्र सहित सभी स्थानों पर साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विंध्याचल को श्रद्धालुओं के सामने स्वच्छ और सुंदर स्वरूप में प्रस्तुत किया जाए तथा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू हो।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं। साथ ही पेयजल, शौचालय, विद्युत और प्रकाश जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं।

पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लंबी दूरी पैदल न चलना पड़े। गंगा नदी में सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की तैनाती के साथ लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

गर्मी के मौसम को देखते हुए पूरे जनपद में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्रमुख सड़कों के सुंदरीकरण व साफ-सफाई के साथ ही सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स लगाने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था के तहत गो तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा पुराने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण, जनप्रतिनिधियों और उद्यमियों के साथ नियमित बैठक कर समस्याओं के समाधान तथा नए उद्योग स्थापित करने के लिए बाहरी उद्यमियों को भूमि उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण हों और उनकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें