
छात्र नेता विकास केसरवानी पर जानलेवा हमला, वाराणसी रेफर
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के बल्ली अड्डा चौराहे पर केबी डिग्री कॉलेज के छात्र नेता एवं शहर कोतवाली क्षेत्र के निवासी विकास केसरवानी पर रविवार देर रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र नेता को उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
बताया गया कि 24 मई 2026 की रात बल्ली अड्डा चौराहे पर दर्जन भर हमलावरों ने विकास केसरवानी को घेर लिया और राड व डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और टांके लगाए गए। हमलावरों ने उनकी बाइक को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
घायल विकास केसरवानी ने आरोप लगाया कि हमला सुनियोजित तरीके से किया गया। उनका कहना है कि हमलावर खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को भय बना हुआ है। विकास केसरवानी के अनुसार हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद ही हमले के पीछे की असली मंशा सामने आ सकेगी।
घटना के संबंध में घायल छात्र नेता द्वारा कटरा कोतवाली में तहरीर दी गई थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है, जबकि अन्य हमलावरों को अज्ञात में शामिल किया गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है।












