
पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा साढ़े चार घंटे मिर्जापुर में रहेंगे, लोगों को जगी समस्याओं के समाधान की उम्मीद
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा 27 मई को करीब साढ़े चार घंटे तक मिर्जापुर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे की सूचना सामने आने के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, वहीं आम लोगों में भी उम्मीद जगी है कि खराब सड़कों, बढ़ते अतिक्रमण और जाम जैसी समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल सामने आ सकती है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार डॉ. शर्मा दोपहर 3:30 बजे मिर्जापुर पहुंचेंगे और रात 8 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वह प्रेस कॉन्फ्रेंस, मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन, फतहां घाट स्थित कार्यक्रम और ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित सभा में शामिल होंगे।
शहरवासियों का कहना है कि मिर्जापुर नगर की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से खराब हालत में हैं। वहीं मुख्य बाजारों और संपर्क मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण लोगों को रोजाना जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पूर्व उपमुख्यमंत्री के दौरे को लोग विकास और व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद से जोड़कर देख रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में भी डॉ. दिनेश शर्मा के इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जबकि प्रशासनिक स्तर पर भी कार्यक्रम को लेकर हलचल तेज हो गई है।













