मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म व चोरी के मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार

मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म व चोरी के मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मीरजापुर पुलिस ने गुरुवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म और चोरी के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई।

थाना जिगना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में अभियुक्त अमन कुमार उर्फ गोलू निवासी कोरांव, प्रयागराज को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। आरोपी को पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया गया।

उधर थाना ड्रमण्डगंज पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के मामले में कार्रवाई करते हुए अभियुक्त बृजेश कुमार उर्फ नागराज को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की। मामले में एक बाल अपचारी को भी न्यायालय एवं बाल सुधार गृह भेजा गया।

इसी क्रम में थाना चुनार पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के मामले में अभियुक्त सुधीर कुमार बिंद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।

इसके अलावा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 21 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान की कार्रवाई की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें