
विंध्य कॉरिडोर में ‘विंध्य प्रसादम’ और ‘विंध्य गिफ्ट शॉप’ का हुआ शुभारंभ
विंध्य कॉरिडोर में ‘विंध्य प्रसादम’ एवं ‘विंध्य गिफ्ट शॉप’ का उद्घाटन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा नया बाजार
मीरजापुर। विंध्य कॉरिडोर परिसर में अमूल पार्लर के बगल स्थित ‘विंध्य प्रसादम’ एवं ‘विंध्य गिफ्ट शॉप’ का उद्घाटन नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में किया। इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा विंध्य धाम आने वाले श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर प्रसाद एवं स्थानीय उत्पाद उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन के अवसर पर बताया गया कि विंध्य धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘विंध्य प्रसादम’ ₹500, ₹800 एवं ₹1200 की तीन श्रेणियों में उपलब्ध होगा। प्रत्येक पैकेज में मां विंध्यवासिनी मंदिर का प्रतिरूप, पूजन सामग्री एवं प्रसाद शामिल रहेगा।
इसके साथ ही ‘विंध्य गिफ्ट शॉप’ में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न उपयोगी उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। गिफ्ट बॉक्स में दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली सामग्री के साथ-साथ समूह की महिलाओं द्वारा तैयार साड़ियां भी बिक्री के लिए रखी गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल महिलाओं की आजीविका बढ़ाने,
स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।












