बजाज एजुकेशन सेंटर में पहुंची विज्ञान बस

बजाज एजुकेशन सेंटर में पहुंची विज्ञान बस, 283 विद्यार्थियों ने किए वैज्ञानिक प्रयोगों का अवलोकन

मिर्जापुर। नगर के सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर, विंध्याचल रोड में सोमवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से आईआईटी कानपुर के माध्यम से तैयार विज्ञान बस पहुंची। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों, उपकरणों और मॉडलों का अवलोकन कर वैज्ञानिक सिद्धांतों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय परिसर में पहुंची विज्ञान बस में कक्षा छह से 12 तक के पाठ्यक्रम के अनुरूप भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से जुड़े अनेक प्रयोगों की व्यवस्था की गई थी। विषय विशेषज्ञों ने प्रयोगों का प्रदर्शन करते हुए उनके वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल और रोचक ढंग से समझाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

विज्ञान बस में आईआईटी कानपुर द्वारा तैयार लगभग 300 विज्ञान आधारित लघु फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों, प्रयोगों तथा उनके दैनिक जीवन में उपयोग की जानकारी दी गई। आधुनिक तकनीक और प्रयोगात्मक शिक्षण के इस समन्वय ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति विशेष उत्साह पैदा किया।

कार्यक्रम के प्रथम दिन विद्यालय के लगभग 283 विद्यार्थियों ने विज्ञान बस का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक उपकरणों को निकट से देखा, प्रयोगों को समझा तथा विशेषज्ञों से संवाद कर विज्ञान संबंधी अनेक जानकारियां हासिल कीं। छात्रों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक एवं शिक्षकों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश तथा आईआईटी कानपुर के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। इससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलता है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें