12 सितंबर को मीरजापुर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

12 सितंबर को मीरजापुर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बैंक लोन, वैवाहिक विवाद और चालान मामलों का होगा निस्तारण

मीरजापुर, 18 जुलाई 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर के तत्वावधान में आगामी 12 सितंबर 2026 (शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बैंक ऋण, वैवाहिक प्री-लिटिगेशन, दीवानी एवं अन्य सुलह योग्य मामलों के साथ-साथ ई-चालान और लघु आपराधिक मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा।

जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर यह लोक अदालत दीवानी न्यायालय परिसर मीरजापुर, वाह्य न्यायालय चुनार, ग्राम न्यायालय मड़िहान तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व), नगर पालिका परिषद, चकबंदी विभाग, वन विभाग एवं अन्य राजस्व न्यायालयों में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी।

लोक अदालत में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन स्तर के सुलह योग्य मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। विशेष रूप से पति-पत्नी के वैवाहिक विवादों में संबंधित पक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में आवेदन देकर मध्यस्थता के माध्यम से विवाद का समाधान करा सकते हैं। परिवार न्यायाधीश एवं मध्यस्थ दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का प्रयास करेंगे।

इसके अलावा ई-चालान एवं लघु आपराधिक मामलों के निस्तारण के लिए सरल पेटी ऑफेंस डिपॉजिट योजना के तहत संबंधित व्यक्ति भारतीय स्टेट बैंक, डंकीनगंज शाखा, मीरजापुर के खाता संख्या 34906170085 में निर्धारित जुर्माना स्वयं उपस्थित होकर अथवा ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

जनपद न्यायाधीश ने बताया कि लोक अदालत में पारित निर्णय अंतिम होता है तथा उसके विरुद्ध किसी अन्य न्यायालय में अपील का प्रावधान नहीं है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मुकदमों, बैंक ऋण, चालान एवं वैवाहिक विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराने की अपील की है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें