
24 घंटे में लालगंज पुलिस ने तीन लापता छात्राओं को गुरुग्राम से सकुशल किया बरामद
मीरजापुर। थाना लालगंज क्षेत्र से स्कूल जाने के दौरान लापता हुई तीन छात्राओं को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर हरियाणा के गुरुग्राम से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना लालगंज में लिखित सूचना दी कि उसकी पुत्री 1 अगस्त को अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर थाना लालगंज में मु0अ0सं0-293/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तीनों छात्राओं की तलाश तेज की। जांच में पता चला कि तीनों छात्राएं हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-81 में हैं। इसके बाद थाना लालगंज पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों छात्राओं को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस द्वारा तीनों छात्राओं को सुरक्षित मीरजापुर वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।















