कांग्रेस के आरोपों को भाजपा ने बताया भ्रामक, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने पर जताई आपत्ति

कांग्रेस के आरोपों को भाजपा ने बताया भ्रामक, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने पर जताई आपत्ति

मीरजापुर। बरौधा कचार स्थित पं. दीनदयाल पुरम कॉलोनी भाजपा जिला कार्यालय पर सोमवार को भाजपा की प्रेस कांफ्रेंस हुई। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की ओर से निर्वाचन आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर आयोग की ओर से समय-समय पर स्पष्टीकरण दिया गया है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के तहत संचालित होती है। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम के संबंध में निर्वाचन आयोग और न्यायालय के स्तर पर स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है।

प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेताओं की ओर से पूर्व में ईवीएम, राफेल सौदे, 2019 के बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2022 की तवांग घटना को लेकर दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे मामलों में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय प्रमाणित तथ्यों और आधिकारिक संस्थाओं के पक्ष को महत्व दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद निर्वाचन आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने विपक्षी दलों से सार्वजनिक विमर्श में तथ्यों और संवैधानिक प्रक्रियाओं का सम्मान करने की अपील की।

प्रेस कांफ्रेंस का संचालन जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा ने किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, जिला महामंत्री पं. रविशंकर पांडेय, स्वामीनाथ सिंह, जिला सह मीडिया प्रभारी रतन कुमार सिंह, पं. विजय शक्ति दुबे एवं शुभम जायसवाल मौजूद रहे। जानकारी जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा ने दी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें