
जमालपुर में वृद्ध की हत्या के मामले में तीन वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त डण्डा बरामद
मिर्जापुर। जमालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोहरी में वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डण्डा भी बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को डोहरी अमरपाथ निवासी शामा वियार ने अपने भाई के साथ लाठी-डण्डे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने तथा उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो जाने के संबंध में नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध जमालपुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0-188/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 1 नवंबर को जमालपुर क्षेत्र से तीनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मुन्नु अंसारी (58) और नसीम (28) निवासी डोहरी अमरपाथ, थाना जमालपुर तथा सद्दाम अंसारी (27) निवासी वार्ड नंबर-01, सैयदराजा, जनपद चंदौली शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय/जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में थाना जमालपुर की पुलिस टीम ने कार्रवाई की।















