28 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज, मीरजापुर में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

28 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज, मीरजापुर में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

मिर्जापुर। प्रदेश में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते 28 मई से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई से 31 मई तक उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि 29 मई को मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंके आने की आशंका है।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि आंधी, तूफान, ओलावृष्टि एवं आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। लोगों से कहा गया है कि पेड़ों, बिजली के खंभों, मोबाइल टावर, टीनशेड एवं कच्चे मकानों के नीचे शरण न लें। यात्रा के दौरान खराब मौसम होने पर निकटतम पक्के भवन में रुकने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने घरों के बाहर रखी भारी वस्तुओं को सुरक्षित बांधकर रखने, खराब मौसम में बच्चों को बाहर न भेजने तथा बिजली के उपकरणों को प्लग से अलग रखने की भी सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए प्रशासन ने “दामिनी ऐप” और “सचेत ऐप” डाउनलोड करने की अपील की है, ताकि मौसम संबंधी अलर्ट समय रहते प्राप्त हो सकें। किसी भी आपात स्थिति में लोगों से नियंत्रण कक्ष अथवा पुलिस से संपर्क करने को कहा गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें