
हरबरा-एमपी बॉर्डर मार्ग के चौड़ीकरण का भूमि पूजन, ₹35.55 करोड़ से बनेगी 10.5 किमी सड़क
मीरजापुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री Anupriya Patel ने मंगलवार को हलिया ब्लॉक के ग्राम देवरी में हरबरा-एमपी बॉर्डर तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। लगभग ₹35.55 करोड़ की लागत से 10.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। परियोजना के तहत वर्तमान 3 मीटर चौड़ी सड़क को 7 मीटर चौड़ा कर मजबूत डामर सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के निर्माण से परसिया, महोखर, करीदिया, सूरजगढ़, हरबरा सहित क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को जिला, तहसील और ब्लॉक मुख्यालय तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही यह मार्ग मध्य प्रदेश के सिंगरौली क्षेत्र से संपर्क को भी बेहतर बनाएगा।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों में गरीब कल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आवास, शौचालय, स्वास्थ्य बीमा, बैंक खाते, विद्युत कनेक्शन, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के विकास कार्यों की गिनती हजारों-लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों लाभार्थियों तक पहुंचने वाले कार्यों में होती है।
उन्होंने जनपद में मेडिकल कॉलेज, विंध्य विश्वविद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, डायलिसिस केंद्र, पासपोर्ट सुविधा, हाईवे और गंगा नदी पर नए पुल सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। साथ ही हलिया-मतवार सड़क के निर्माण संबंधी मांग पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सर्वेक्षण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में छानबे विधायक Rinki Kol ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रामलौटन बिंद, रमाशंकर पटेल, रमाकांत पटेल, डॉ. एसपी पटेल, लाल बहादुर पटेल, रामवृक्ष बिंद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।












