
रामेश्वर महादेव मंदिर के पवित्र जलकुंड की सफाई की मांग
विंध्याचल। विंध्याचल क्षेत्र के शिवपुर में स्थित अति प्राचीन रामेश्वर महादेव मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान रामेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालु यहां स्थित पवित्र जलकुंड के जल का प्रयोग करते थे, लेकिन विगत कुछ वर्षों से साफ-सफाई के अभाव में जलकुंड की स्थिति खराब होने के कारण भक्तों को शुद्ध जल का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मंदिर के पुजारी ने जिला प्रशासन से जलकुंड की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जलकुंड की नियमित सफाई करा दी जाए तो मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्राचीन धार्मिक स्थल की साफ-सफाई और संरक्षण पर ध्यान देने की अपील की है।
स्थानीय लोगों की मान्यता है कि इस अति प्राचीन मंदिर में भगवान प्रभु श्रीराम ने अपने हाथों से शिवलिंग की स्थापना की थी। इसी मान्यता के चलते रामेश्वर महादेव मंदिर का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रशासन को मंदिर परिसर के साथ-साथ पवित्र जलकुंड की भी नियमित साफ-सफाई और देखरेख सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि यहां आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।














