तेरहवीं छोड़ो, शादी के मंत्रों में भी गड़बड़ी! पूर्व सपा जिलाध्यक्ष का वीडियो वायरल

# तेरहवीं की परंपरा पर शिवशंकर सिंह यादव की सलाह, शादी के मंत्रों पर भी उठाए सवाल

**मिर्जापुर के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष का वीडियो वायरल, पीडीए की भागीदारी का किया जिक्र**

**मिर्जापुर।** समाजवादी पार्टी के मिर्जापुर के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह तेरहवीं जैसी परंपराओं को न करने की सलाह देते नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही शादी-विवाह में ब्राह्मणों द्वारा पढ़े जाने वाले मंत्रों को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

वायरल वीडियो में शिवशंकर सिंह यादव एक गांव में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताते हैं कि उन्होंने आयोजक को तेरहवीं की परंपरा नहीं करने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि कार्ड छप जाने के बाद भी आयोजक उनकी सलाह मानने को तैयार हो गया और तेरहवीं का आयोजन नहीं किया गया। उनके अनुसार, इस आयोजन में उनकी पैरवी के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पहुंचे थे।

### हवन में पटेल समाज के लोगों की रही भागीदारी

शिवशंकर सिंह यादव ने वीडियो में हवन कुंड में ब्राह्मण की उपस्थिति नहीं होने का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हवन और मंत्रोच्चार संपन्न कराने वालों में पटेल समाज के लोगों की संख्या अधिक थी। उन्होंने इस आयोजन को पीडीए की भागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि इस मंत्र में पीडीए के लोग सम्मिलित हैं।

### शादी-विवाह के मंत्रों पर भी उठाए सवाल

वायरल वीडियो में शिवशंकर सिंह यादव शादी-विवाह के दौरान ब्राह्मणों द्वारा पढ़े जाने वाले मंत्रों पर भी टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह में पढ़े जाने वाले मंत्र कई बार आधे-अधूरे होते हैं और कभी-कभी उनमें गालियां भी होती हैं। उनकी इस टिप्पणी को लेकर भी चर्चा हो रही है।

### वायरल वीडियो से मची हलचल

शिवशंकर सिंह यादव के इस वीडियो में तेरहवीं की परंपरा, शादी-विवाह के मंत्रों और धार्मिक आयोजनों में विभिन्न समाजों की भागीदारी जैसे मुद्दे सामने आए हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद इसे समाजवादी पार्टी की पीडीए विचारधारा और सामाजिक परंपराओं में बदलाव के नजरिए से देखा जा रहा है।
उपरोक्त मामले में शिव शंकर सिंह यादव का फोन नॉट रीचेबल बताता रहा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें